सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुढ़ानपुर गांव निवासी उदन कुमार पुत्र मिश्रीलाल के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार देर रात उदन कुमार अपना ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहे थे। जब वे टेडवा चिलौला के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उदन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उदन कुमार की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 टिप्पणियाँ