मानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मानपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अरविंद चौरसिया का स्थानांतरण होने पर मंगलवार को थाने में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किए गए व्यापक फेरबदल के क्रम में अरविंद चौरसिया को अब लहरपुर थाने में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित इस विदाई समारोह में नवनियुक्त थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने हेड कांस्टेबल अरविंद चौरसिया के चार वर्षों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके निष्ठापूर्ण सेवा कार्यों की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि चौरसिया ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल पुलिस विभाग में बल्कि क्षेत्र के आम नागरिकों के बीच भी अपनी एक अलग और सम्मानजनक पहचान बनाई है।
समारोह के दौरान थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि स्थानांतरण पुलिस सेवा का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने अरविंद चौरसिया को उनके नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई कार्यक्रम के उपरांत थाना प्रभारी ने थाने के समस्त स्टाफ के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को हर हाल में चुस्त-दुरुस्त रखा जाए और आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। थाना प्रभारी के इस सख्त रुख से क्षेत्र के अपराधियों में खलबली मच गई है।विदाई समारोह में मुख्य रूप से दारोगा रामवृक्ष यादव, दारोगा कबीर खान, कांस्टेबल राममोहन, मोहित, शुभम पाल, महिला आरक्षी रीता सहित विनय शुक्ला मोनी ,छैल बिहारी शुक्ला, अर्पित अवस्थी, प्रबल अवस्थी और पुनीत सिंह समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ