सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के जिगिनिया गांव में गुरुवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने और शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जिले के बरखेड़ा के गुड़िया हुलास निवासी अनिल कुमार मिश्रा ने अपनी पुत्री निशा देवी (नीतू) का विवाह वर्ष 2024 में जिगिनिया निवासी विनीत पांडेय के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग नीतू को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो नीतू का शव मिला। शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता ने फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ