#सीतापुर:खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यानिकी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):अपर मुख्य सचिव, उद्यान, रेशम एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, बी0एल0 मीना ने बुधवार को जनपद में विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सिधौली क्षेत्र में विभिन्न इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने ग्राम सलेमपुर (सिधौली) स्थित 'हिलेरी फ्लफ प्रा0लि0' का निरीक्षण किया, जो खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत अनुदानित इकाई है। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, वित्त नियंत्रक (उद्यान विभाग) संजय कुमार सिंह एवं उप जिलाधिकारी सिधौली अवनीश कुमार मौजूद रहे।
इसके बाद उन्होंने 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' योजना के अंतर्गत ग्राम मनवा में विवेक सिंह चौहान के ड्रिप सिंचाई पद्धति पर आधारित अमरूद के बाग का अवलोकन किया। साथ ही, एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत ग्राम गाजीपुर में 'जे0वी0के0एस0 फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी' द्वारा संचालित सहजन की खेती एवं प्रसंस्करण इकाई का भी निरीक्षण किया।
अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के प्रति किसानों एवं उद्यमियों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हो सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ