सीतापुर(उत्तर प्रदेश):महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से प्रभावित पीड़िताओं को आर्थिक सहायता और पुनर्वास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 'उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान कोष' के लंबित प्रकरणों के निस्तारण के संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में हुई इस जिला स्तरीय समिति की बैठक में कुल 57 लंबित मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान प्रत्येक प्रकरण की परिस्थितियों, पुलिस रिपोर्ट और पात्रता संबंधी बिंदुओं का गहन परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़िताओं को समयबद्ध राहत पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने महिला कल्याण और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि पात्र महिलाओं और बालिकाओं को शीघ्र सहायता मिल सके।
0 टिप्पणियाँ