इमलिया सुल्तानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने लूट, चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने यह कदम उठाया है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गैंगलीडर सोनेलाल उर्फ सोनू निवासी गंगई मजरा हेमपुर, अपने साथी रजनीश निवासी ढाखनपुर और मोहितराज उर्फ गोपी निवासी पथरी के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा था। ये सभी आरोपी आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से आपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे। इन शातिर अपराधियों के खिलाफ स्थानीय थाने में पहले से ही लूट, चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। अब पुलिस इनके द्वारा अपराध के जरिए जुटाई गई अवैध संपत्ति की पहचान कर जब्तीकरण की कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ