सीतापुर(उत्तर प्रदेश):हरगांव थाना क्षेत्र के नकुरीखुर्द गांव में शराब चोरी के विवाद को लेकर रूपनलाल पासी नामक व्यक्ति की नृशंस हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना हरगांव पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी बिन्द्रेश वर्मा, संजय पासी, शांति देवी और अमित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 जुलाई को शराब चोरी की बात को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से बिन्द्रेश वर्मा और संजय पासी ने रूपनलाल के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने और पहचान मिटाने के लिए शव पर शराब डालकर उसे आग के हवाले कर दिया गया था।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कोरैय्या नहर पुल के पास से चारों आरोपियों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा और हरे रंग की प्लास्टिक की कोल्डड्रिंक की बोतल बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 305/2026 के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ ऐसा अभियान निरंतर जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ