मछरेहटा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)जनपद के मछरेहटा थाना क्षेत्र में बाघ की आहट से लोग दहशत में हैं। शनिवार को ग्राम पंचायत सिसेंडी के मजरा उपरहितापुर में बाघ द्वारा जंगली सूअर का शिकार किए जाने की घटना ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। जंगली जानवर की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में भय का माहौल है।
मामले की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगा दिया है। विभागीय टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और बाघ की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है।
वन क्षेत्राधिकारी सिकंदर सिंह ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विशेषकर रात के समय अकेले बाहर न निकलें, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके। फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता बाघ को सुरक्षित पकड़कर क्षेत्र को भयमुक्त करने की है।
0 टिप्पणियाँ