इमलिया सुल्तानपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सामूहिक बलात्कार और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त दो सगे भाइयों पर पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
अभियुक्तों में गैंगलीडर अरविंद और उसका भाई अंकुल, दोनों निवासी सिहरहिया मजरा बेलगवां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह चलाकर आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए ऐसे जघन्य अपराधों को अंजाम देते थे। समाज में इनके खौफ के कारण लोग इनके खिलाफ गवाही देने से डरते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैंगेस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इनकी अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पर पूर्व में भी थाना इमलिया सुल्तानपुर में सामूहिक बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।