सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सीतापुर जिले के बेहटा विकास खंड में औचक निरीक्षण के दौरान दो प्राथमिक विद्यालयों में अनियमितताएं मिलने पर कड़े कदम उठाए हैं। निरीक्षण के दौरान समय से पहले स्कूल बंद मिलने, एमडीएम पंजिका में हेरफेर और स्कूलों में साफ-सफाई की कमी पर नाराजगी जताई गई है।
प्राथमिक विद्यालय सुमेर में समय से पहले ताला और अनुपस्थिति
बीती 22 जुलाई को दोपहर 01:30 बजे बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय सुमेर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल के सभी छात्र-छात्राएं जा चुके थे। निर्धारित समय से पहले विद्यालय बंद करने के मामले में वहां उपस्थित अध्यापक निशार अहमद अंसारी और शिक्षामित्र मलका बानो का एक दिन का वेतन रोकते हुए दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं, विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंशुल कुमार शुक्ला और शिक्षामित्र शिवकुमार अनुपस्थित पाए गए, जिसके चलते उनका भी एक दिन का वेतन रोक दिया गया। मध्याह्न भोजन पंजिका की जांच में सामने आया कि 20 जुलाई से कोई प्रविष्टि ही दर्ज नहीं की गई थी। इसके अलावा विद्यालय में रंगाई-पुताई का भी भारी अभाव मिला। इन सभी कमियों को देखते हुए विद्यालय के समस्त शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकते हुए एक सप्ताह के भीतर फोटोग्राफ सहित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
ऊँचगांव में अभिलेख जलाने के मामले में दो शिक्षक निलंबित
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालय ऊँचगांव का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों से शिक्षा और एमडीएम की गुणवत्ता पर सवाल किए गए। हालांकि, विद्यालय परिसर में बड़ी-बड़ी घास, छतों पर जाले और लटकते बिजली के तारों जैसी गंभीर लापरवाहियां मिलीं।
सबसे बड़ा मामला विद्यालय के अभिलेख और पाठ्यपुस्तकें जलाए जाने की खबर से जुड़ा था। इस संबंध में शिक्षकों, कर्मचारियों, बच्चों, रसोइयों और एसएमसी अध्यक्ष के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सफाई के दौरान कुछ फटे-पुराने कागजात और पुराने रजिस्टर जलाए गए थे। हालांकि, यह भी सामने आया कि विद्यालय में चार्ज को लेकर आपसी गुटबाजी चल रही है, जिसके चलते उच्चाधिकारियों को बिना बताए वीडियो बनाकर वायरल किया गया और विभाग की छवि धूमिल की गई। छात्रहित के प्रतिकूल इस आचरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह और सहायक अध्यापक जीतपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इस स्कूल के भी सभी अध्यापकों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और आधार केंद्र का निरीक्षण
निरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में खंड शिक्षा अधिकारी बेहटा के कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। कार्यालय परिसर में फैली गंदगी और घास को देखते हुए वहां तैनात अनुचर अमर बहादुर यादव का वेतन रोक दिया गया और बीईओ बेहटा को नोटिस जारी कर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, परिसर में चल रहे आधार केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से मिलकर सेवाओं में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने की जानकारी ली।
0 टिप्पणियाँ