सीतापुर:(उत्तर प्रदेश): एपीटीसी कमांडेंट के सरकारी आवास पर तैनात निजी फॉलोअर शैलेंद्र पाल की संदिग्ध मौत के मामले में गुरुवार को प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद गतिरोध समाप्त हो गया। मृतक के स्वजन ने कमांडेंट शोगुन गौतम पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
बुधवार रात से शुरू हुआ परिजनों का धरना करीब 14 घंटे तक चला, जिसमें स्थानीय सांसद राकेश राठौर भी शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों और परिजनों के बीच हुई वार्ता के बाद, खैराबाद थाने में तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, आवासीय पट्टा और परिवार के दो सदस्यों को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है। इन आश्वासनों के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ