सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में बाढ़ की तैयारियों और जन-सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बाढ़ के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने तहसील बिसवां के ग्राम म्योंडी छोलहा व श्रीरामपुरवा पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और वहां की स्थिति का जायजा लिया।
स्टड निर्माण कार्य की परखी गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शारदा नदी के किनारे सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे स्टड निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति को बारीकी से देखा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुरक्षात्मक कार्य पूरी मजबूती और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि नदी के कटान से ग्रामीणों को हर हाल में सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों से संवाद कर जाना हाल
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति और आपदा के समय ग्रामीणों की संभावित जरूरतों के बारे में विस्तृत चर्चा की। ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने भी मौके पर मौजूद पुलिस विभाग के अधिकारियों को बाढ़ बचाव व राहत कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग विशाल पोरवाल, उपजिलाधिकारी बिसवां आकांक्षा गौतम सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ