सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल ने शुक्रवार सुबह जनपद के पिसावाँ और मिश्रिख विकास खंडों के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं बच्चों की पीठ थपथपाई गई तो कहीं व्यवस्थाओं में मिली खामियों पर शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बीएसए ने सबसे पहले प्रातः 08:00 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय फरिहा कंपोजिट, विकास खंड पिसावाँ का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां बच्चों के साथ प्रार्थना कराई गई, जिसमें महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह के ‘बलिदान दिवस’ के अवसर पर उनके जीवन और बलिदान के बारे में बच्चों को जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों को नियमित विद्यालय ड्रेस में आने व साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात, प्रातः 08:50 बजे प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर मिश्रिख का निरीक्षण किया गया। यहां शिक्षामित्र अन्नू श्रीवास्तव दो दिन से बिना बताए अनुपस्थित मिलीं, जबकि एजुकेटर सुभांगी वैश्य विद्यालय में देर से पहुंचीं। इन दोनों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कक्षा-5 में छात्रों से गणित के सवाल पूछने के साथ ही बोर्ड पर हिंदी के शब्द लिखवाए गए और सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कक्षाओं में पुस्तकें समय से वितरित न किए जाने पर प्रधानाध्यापक पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र वितरण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, मल्टीपल हैंडवॉश में टैप न होने और बालक शौचालय बंद मिलने पर भी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद, प्रातः 09:17 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर मिश्रिख का निरीक्षण किया गया। यहां विद्यालय की साफ-सफाई देखकर इंचार्ज प्रधानाध्यापक के कार्य की सराहना की गई। कक्षा-7 में उपस्थित छात्रों से गणित के सवाल बोर्ड पर हल करवाए गए और सही जवाब देने पर बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस ताबड़तोड़ निरीक्षण से लापरवाह शिक्षण कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
0 टिप्पणियाँ