#सीतापुर:त्योहारी सीजन में सतर्क प्रशासन,बिसवां में मिष्ठान भंडारों की गहन जांच, लिए गए नमूने.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मंगलवार को एसडीएम और सीओ की अगुवाई में खाद्य विभाग की टीम ने नगर के दो नामचीन मिष्ठान भंडारों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मच गई। टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और मानकों की अनदेखी मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
बड़े चौराहे और रायगंज में खंगाले प्रतिष्ठान
आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम और क्षेत्राधिकारी हर्षित चौहान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने बड़े चौराहे स्थित ओम मिष्ठान भंडार और रायगंज स्थित दीप स्वीट्स के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पनीर व मिठाइयों के भरे गए नमूने
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। टीम ने पनीर, मिश्रित दूध और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुधार की नसीहत, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जांच में दोनों ही प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन न होने की पुष्टि हुई। इस पर खाद्य विभाग ने संचालकों को नोटिस जारी कर कड़े सुधारात्मक निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि त्योहारों में मिलावटखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि मानकों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नियमित चलेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह छापेमारी केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह संयुक्त प्रवर्तन एवं निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ