महोली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सहारनपुर से छपरा बिहार जा रहे आम लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के आम जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी चालक अनिल कुमार 220 क्विंटल आम लेकर बिहार जा रहा था। महौली बाईपास स्थित जलालपुर मोड़ के पास अचानक गोवंश सामने आ जाने से उसे जोर से ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान ट्रक के टायर में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ