मिश्रिख,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):रसूलवा गांव में बाघ के हमले में जान गंवाने वाले किसान कमल किशोर के परिजनों को शनिवार को शासन की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मिश्रिख विधायक रामकिशन भार्गव और डीएफओ नवीन खंडवाल ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए।
दूसरी ओर, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आदमखोर बाघ अभी भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। विभाग द्वारा बाघ को पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। इस अवसर पर एसडीएफओ बृजेश पांडेय, तहसीलदार मिश्रिख, क्षेत्रीय वनाधिकारी सिकंदर सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ