सीतापुर(उत्तर प्रदेश): के शहर कोतवाली क्षेत्र के बस स्टॉप स्थित राजस्थानी होटल में शुक्रवार दोपहर एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान हरदोई जिले के आवास विकास क्षेत्र निवासी 47 वर्षीय अनुपमा पांडेय पत्नी अमित पांडेय के रूप में हुई है। बताया गया है कि उन्होंने दो दिन पहले होटल के कमरा नंबर 201 को बुक कराया था, जिसके बाद से लगातार दो दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। होटल कर्मचारियों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की उपस्थिति में दरवाजा खुलवाने पर महिला का शव बेड पर पड़ा मिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका के पति अमित पांडेय ग्राम पंचायत अधिकारी हैं और अनुपमा अपनी बेटी के साथ लखनऊ में रह रही थीं, जबकि उनका मायका लखीमपुर खीरी में मनसा देवी मंदिर के पास स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल परिसर का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।क्षेत्राधिकरी नगर कपूर कुमार के अनुसार, मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं और आगे की विधिक कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर की जाएगी, जिसके लिए मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ