बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सोशल मीडिया पर वायरल हुई बिसवां के सीता निजी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है, जिसमें परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने और समय पर मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर न करने का आरोप लगाया है. इस प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एक उच्च-स्तरीय तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, ताकि संपूर्ण घटनाक्रम की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की जा सके. गठित की गई इस समिति में बिसवां के उपजिलाधिकारी सर्वेश कुमार सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार देशमणि और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां के अधीक्षक को बतौर सदस्य शामिल किया गया है. जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि यह जांच समिति घटनास्थल का मुआयना करने के साथ-साथ सभी संबंधित चिकित्सीय अभिलेखों की बारीकी से जांच करेगी. समिति को अपनी यह स्पष्ट जांच आख्या अनिवार्य रूप से एक कार्य दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी. इसके अतिरिक्त, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां के अधीक्षक को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे जांच प्रक्रिया में समिति को सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करना सुनिश्चित करें.
0 टिप्पणियाँ