#सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,मनवा तिराहा लूटकांड में दो अभियुक्त गिरफ्तार, बाइक सीज.

अटरिया,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): पुलिस ने लूट की डेढ़ माह पुरानी घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने नहर पुलिया भटखेरवा के पास से अभियुक्त क्षितिज मिश्रा और पवन कश्यप को दबोचा। इनके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और लूट के माल की बिक्री से प्राप्त 7,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 28 अप्रैल, 2026 की रात उन्होंने मनवा तिराहा से गढ़ी के बीच मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति से मंगलसूत्र और चेन लूटी थी। लूटा गया मंगलसूत्र इन्होंने राह चलते किसी व्यक्ति को बेच दिया था, जबकि सोने की चेन इनके तीसरे साथी के पास थी, जिसे लखनऊ पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मुख्य आरोपी क्षितिज मिश्रा का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर और कोतवाली देहात में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लालबहादुर मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद यादव व राधेश्याम यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी कानूनी कार्रवाई पूरी कर अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ