सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कलेक्ट्रेट सभागार में बीते दिवस जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में 'मिशन वात्सल्य' के अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और वन स्टॉप सेंटर टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की समीक्षा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 एवं सामान्य और स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति परखी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाया जाए। इसके साथ ही, बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के अंतर्गत लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
चाइल्ड हेल्पलाइन व वन स्टॉप सेंटर के कार्यो पर चर्चा
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर द्वारा अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के क्रियान्वयन के साथ-साथ एचईडब्ल्यू के अंतर्गत कर्मियों की नियुक्ति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त, वन स्टॉप सेंटर यूनिट प्रथम व द्वितीय के संचालन की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
इन अधिकारियों की रही उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. दीक्षा जोशी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि, संयुक्त निदेशक अभियोजन प्रतिनिधि, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक श्रमायुक्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कौशल विकास अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ