मिश्रिख सीतापुर (उत्तर प्रदेश)।मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अमटामऊ गांव के समीप बुधवार को सड़क किनारे मृत भ्रूण मिलने का मामला सामने आया है। वहां से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े भ्रूण पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह और कल्ली पुलिस चौकी प्रभारी शिवम सिंह मय टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद मृत भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में भ्रूण की आयु लगभग छह माह प्रतीत हो रही है। अभी तक भ्रूण की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि भ्रूण को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ