सीतापुर(संवाददाता): मत्स्य विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। सहायक निदेशक मत्स्य, राहुल कुमार ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की योजनाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in के माध्यम से 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विभाग द्वारा जिन प्रमुख योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना, और मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद् आइस बॉक्स वितरण शामिल हैं। इसके अलावा, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना का लाभ भी लिया जा सकता है। सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन की प्रक्रिया, इकाई लागत और संलग्न किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। आवेदक अधिक सहायता के लिए सीतापुर स्थित सहायक निदेशक मत्स्य के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस के दौरान संपर्क कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए पात्र व्यक्ति समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
0 टिप्पणियाँ