सीतापुर(उत्तर प्रदेश)संदना क्षेत्र में 15 जुलाई को किसान कमल किशोर की मौत के 17 दिन बाद भी आदमखोर बाघिन वन विभाग की पकड़ से बाहर बनी हुई है। शनिवार शाम पश्चिम इमलीपुरवा, रसूलवा और कोदरीपुरवा गांवों के पास ताजा पदचिह्न मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने बाघिन को खेतों के आसपास देखा है, जिससे क्षेत्र में भय व्याप्त है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग केवल कमांड सेंटर के जरिए निगरानी कर रहा है और मैदानी स्तर पर कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। डर के कारण किसानों का खेतों में जाना बंद हो गया है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
दूसरी ओर, मिश्रिख रेंज के रेंजर सिकंदर सिंह ने बताया कि बाघिन को पकड़ने के लिए दो पिंजरे और छह ट्रैक कैमरे लगाए गए हैं। कतर्नियाघाट से आई वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। विभाग ने ग्रामीणों से अकेले बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ