सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0' का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 03 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
इस बहुद्देशीय अभियान के सफल आयोजन हेतु गत 31 जुलाई को मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई थी, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए थे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद हैं, जिससे दिव्यांगजनों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। मौके पर ही पात्र अभ्यर्थियों का पंजीकरण कर उनकी योग्यता के अनुसार आवेदन कराए जा रहे हैं। अशिक्षित से लेकर 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आई०टी०आई० उत्तीर्ण तथा कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित दिव्यांगजन इस शिविर में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, बायोडाटा और पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, ओडीओपी और खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। प्रशासन ने सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ इस शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।
0 टिप्पणियाँ