सीतापुर: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक लापरवाही पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी सुबह 7:30 बजे मुख्य मार्ग से करीब पांच किलोमीटर भीतर स्थित विद्यालयों में पहुंचकर प्रार्थना सभा में भाग लेंगे और अन्य विद्यालयों में बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन करेंगे। विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और मीनू के मुताबिक गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन वितरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनका ब्लॉकवार डेटा तैयार कर संबंधित उपजिलाधिकारी को सौंपा जाए, ताकि समन्वय स्थापित कर प्रमाण पत्र बनवाए जा सकें। इसके अलावा, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आरटीई के अंतर्गत चयनित सभी बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। प्रवेश से इनकार करने वाले विद्यालयों की मान्यता वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर एसओपी के 31 बिंदुओं पर चर्चा करने और उनका अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए। बच्चों के प्रवेश और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने तक सभी खंड शिक्षा अधिकारियों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ