सीतापुर(उत्तर प्रदेश):रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक कलह और कथित प्रेम संबंध के विवाद को लेकर एक भाई ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग बहन पर धारदार बांके से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी भाई मौके से फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका 22 जुलाई को अनुराग यादव नामक युवक के साथ घर से चली गई थी। इस संबंध में परिजनों द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में युवती को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अपने घर लौट आई थी। हालांकि, युवती के घर लौटने के बावजूद उसका भाई कोमल इस कथित प्रेम संबंध को लेकर गंभीर रूप से नाराज था।
एसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। पुलिस की कई टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फारेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिजनों और ग्रामीणों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जाँच की जा सके।
0 टिप्पणियाँ