#सीतापुर:मध्याह्न भोजन में लापरवाही पड़ी भारी: बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को किया निलंबित, रसोइया बर्खास्त और बीईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि.

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने महमूदाबाद विकास क्षेत्र में मध्याह्न भोजन योजना में  अनियमितता मिलने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में एमडीएम की गुणवत्ता बेहद खराब मिलने और दूध का वितरण कम किए जाने पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। 

खंड शिक्षा अधिकारी, महमूदाबाद द्वारा प्रेषित जांच आख्या में खुलासा हुआ कि विद्यालय में बनने वाले मध्याह्न भोजन में सब्जी की गुणवत्ता प्रायः खराब रहती थी। इसके अलावा, छात्रों को दूध का वितरण पूरी मात्रा में नहीं किया जा रहा था और बच्चों को व्यवस्थित ढंग से बैठाकर भोजन भी नहीं कराया जा रहा था।

इस गंभीर लापरवाही पर बीएसए ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली-1973 के तहत प्राथमिक विद्यालय छंगापुर की प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें प्राथमिक विद्यालय नदवा से संबद्ध किया गया है, तथा इस पूरे प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी पहला, पुष्पराज सिंह को सौंपी गई है।

वहीं, विद्यालय की रसोइया अनीता को भी कार्य-व्यवहार और एमडीएम वितरण में गंभीर लापरवाही बरतने के कारण सेवा से तुरंत बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, पर्यवेक्षणीय दायित्वों में ढिलाई बरतने के आरोप में महमूदाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी उदयमणि पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। शिक्षा विभाग में इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से लापरवाह शिक्षण कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ