सीतापुर(उत्तर प्रदेश):महोली पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल फोन हैक करने और उनके खातों से ऑनलाइन रकम उड़ाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को धर दबोचा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लैपटॉप, 6 स्मार्टफोन, विभिन्न कंपनियों के 6 फर्जी सिम कार्ड और कूटरचित पैन व आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस लाइन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 30 मई 2026 को महोली क्षेत्र के वादी सूर्यमणि मिश्रा के मोबाइल पर अज्ञात साइबर अपराधियों ने सेंधमारी की थी। उनका फोन हैक कर बिना अनुमति के यूपीआई के माध्यम से 90,000 रुपये स्वीगी और जोमैटो के वॉलेट अकाउंट में ट्रांसफर कर ठगी को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में स्थानीय थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। साइबर सेल और महोली पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विलांस व तकनीकी मदद से शाहजहांपुर-सीतापुर हाईवे पर स्थित जगतार ढाबा के पास घेराबंदी कर आरोपी भूपेंद्र, निवासी अमर कॉलोनी, गोकलपुरी पूर्वी दिल्ली को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए अन्य साइबर अपराधियों के संपर्क में था। वह पीड़ितों को एपीके फाइल भेजकर उनके मैसेज इनबॉक्स और ओटीपी तक पहुंच बना लेता था। इसके बाद फर्जी सिमों पर बने फूड डिलीवरी ऐप के वॉलेट्स का इस्तेमाल कर वह ठगी की रकम को खपाता था। पुलिस ने मामले में अन्य सुसंगत धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
0 टिप्पणियाँ