#सीतापुर:डीएम व एसपी ने तम्बौर में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश.

तम्बौर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से थाना तम्बौर में उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समाधान दिवस में मुख्य रूप से जमीन से जुड़े विवाद के मामले सामने आए। भूमि विवाद के प्रकरणों पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें अनिवार्य रूप से मौके पर जाएं। वहां निष्पक्ष जांच कर कानून व्यवस्था को बनाए रखते हुए त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ित को समय से न्याय दिलाना शासन की पहली प्राथमिकता है।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लहरपुर, प्रभारी निरीक्षक तम्बौर, स्थानीय राजस्व अधिकारी सहित पुलिस बल व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ