सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद की कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 22वीं वाहिनी एनसीसी कैंपस के पास झाड़ियों में संचालित हो रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में बने व अर्धनिर्मित तमंचे, कारतूस, कूटरचित नंबर प्लेट लगी बाइक और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। सफलता पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस और एसओजी टीम एनसीसी कैंपस के बाहर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्रास फील्ड की तरफ से आ रहे बाइक सवार इमरान को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में डिग्गी से 315 बोर के तीन चालू तमंचे बरामद हुए। ई-चालान ऐप से जांच करने पर पता चला कि बाइक UP31 BU 1214 पर फर्जी नंबर प्लेट UP31 AW 2832 लगाई गई थी।
झाड़ियों में धधक रही थी असलहा फैक्ट्री
कड़ाई से पूछताछ के बाद इमरान की निशानदेही पर पुलिस ने बिजली ऑफिस के पास घनी झाड़ियों में दबिश दी। वहां मोमबत्ती की रोशनी में अवैध शस्त्र बनाए और सुधारे जा रहे थे। पुलिस ने मौके से दूसरे अभियुक्त निसार को धर दबोचा, जबकि कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके से 8 तमंचे/अद्धी, कारतूस, भट्ठी, धौंकनी और वर्मा मशीन समेत भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए गए।
'कालिया' पर दर्ज हैं दो दर्जन मुकदमे
पकड़े गए दोनों आरोपी इमरान और निसार तम्बौर थाने के पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर हैं। इमरान उर्फ कालिया पर सीतापुर, बहराइच, खीरी, गोंडा और सिद्धार्थनगर के विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार साथियों की तलाश की जा रही है।



0 टिप्पणियाँ