सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रामपुरकला थाना क्षेत्र के जाननगर मोड़ और केसरीपुर के बीच रविवार शाम एक सराफा व्यापारी पर लाठी-डंडों से हमला कर लूटपाट किए जाने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूपुर निवासी रमेश निगम ने आरोप लगाया है कि जब वह सरैयां स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार छह अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से वार कर दिया और उनका बैग छीनकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक, बैग में चांदी और 900 रुपये की नकदी मौजूद थी।
घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल व्यापारी को सीएचसी पहला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी अंकुर अग्रवाल और एएसपी दुर्गेश सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ