सीतापुर(उत्तर प्रदेश):राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से जनपद में भव्य 'तिरंगा यात्रा-2026' का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने पूरे उत्साह से भाग लिया।
यात्रा का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज से हुआ, जो शहर के निर्धारित मार्गों से होती हुई लालबाग चौराहे पर जाकर संपन्न हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे और देशभक्ति के नारों से गूंजते माहौल ने पूरे मार्ग को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया
लालबाग चौराहे पर पहुंचकर प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक निर्मल वर्मा, आशा मौर्य, मनीष रावत, शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. तथा सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। यह यात्रा युवा पीढ़ी को देश के प्रति कर्तव्यों का अहसास कराती है। वहीं जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।


0 टिप्पणियाँ