सीतापुर (उत्तर प्रदेश): गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की शीघ्रातिशीघ्र धरपकड़ हेतु पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 18 मुकदमों में वांछित एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समेत कुल 12 अभियुक्तों वांछित व वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
18 मुकदमों का आरोपी हिस्ट्रीशीटर दबोचा
अभियान के तहत सबसे बड़ी कामयाबी थाना तालगांव पुलिस को मिली, जिसने ग्राम दासापुर थाना मानपुर निवासी वांछित हिस्ट्रीशीटर अजय यादव HS 3647 A को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया अभियुक्त इलाके का चिह्नित एवं शातिर अपराधी है, जिस पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट व रंगदारी जैसे करीब डेढ़ दर्जन संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विभिन्न थानों से वांछित व वारंटी गिरफ्तार
इसके अलावा थाना बिसवां पुलिस ने चार वांछितों अनुपम वर्मा, मंजरूल इस्लाम, मो. जलीस व जाकिर को दबोचा। थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने तीन वारंटियों सियाराम, आशाराम व राजेश को गिरफ्तार किया। वहीं, सदरपुर पुलिस ने बीएनएस व दहेज प्रतिषेध अधिनियम में वांछित राहुल, खैराबाद से वारंटी सर्वेश, मानपुर से विमला तथा महोली पुलिस ने वारंटी महेश्वर को गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसपी अंकुर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराधियों व वांछितों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ