#सीतापुर: शारदा नदी के तट पर कटान रोधी कार्यों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश.

लहरपुर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): लहरपुर तहसील क्षेत्र में शारदा नदी के कटान से तटीय इलाकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ क्षेत्र का दौरा कर नदी तट पर चल रहे कटान रोधी कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील लहरपुर के ग्राम बसंतापुर, लखनीपुर एवं खाना मड़ोर में शारदा नदी के किनारे कराए जा रहे कटान रोधी कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी के जलस्तर और कटान संभावित संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जाए।

डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने स्पष्ट किया कि कटान रोधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि तटीय ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ