रेउसा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेउसा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल की तकनीकी मदद से करीब 3,14,497 रुपये कीमत के 21 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान और थानाध्यक्ष रेउसा हनुमंत लाल तिवारी ने बरामद सभी 21 मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। महीनों पहले खो चुके फोन वापस पाकर स्वामियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस बरामदगी अभियान में थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी के साथ मुख्य आरक्षी सुशील कुमार, शुभम राठौर, आरक्षी अमित यादव और निखिल ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल को ब्लॉक व ट्रेस किया जा सके।


0 टिप्पणियाँ