#सीतापुर:पात्रों को समय से मिले योजनाओं का लाभ, महमूदाबाद में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियाद.

जिले की सातों तहसीलों में सुनी गईं जनसमस्याएं, 224 में से 33 मामलों का मौके पर ही हुआ समाधान.

महमूदाबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिले की सभी सात तहसीलों में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। तहसील महमूदाबाद में आयोजित मुख्य समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने की।

अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को एक-एक कर सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लाभार्थीपरक योजनाओं और आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्ता के साथ करें, जिससे पात्रों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके।

तहसील महमूदाबाद में कुल 102 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण हुआ। इसके अतिरिक्त तहसील सदर में 24 में से 4, बिसवां में 27 में से 5, लहरपुर में 21 में से 3, सिधौली में 17 में से 4, मिश्रिख में 17 में से 3 तथा महोली में 16 में से 2 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। डीएम ने शेष बची शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारित करने का अल्टीमेटम दिया। इस अवसर पर एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ