#सीतापुर पुलिस की कार्रवाई: आधार से फर्जीवाड़ा कर सिम व खाते खोलने वाले गिरोह के तीन सदस्य सलाखों के पीछे .

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थाना मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम खुर्शीदाबाद में ग्रामीणों को पैन कार्ड बनवाने का झांसा देकर उनके आधार कार्ड व बायोमेट्रिक का दुरुपयोग करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर साइबर टीम व मिश्रिख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरदोई निवासी तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैनर, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

झांसा देकर लगवाते थे अंगूठा जांच में सामने आया कि हरदोई के रहने वाले शातिर ग्राम खुर्शीदाबाद में आकर ग्रामीणों को पैन कार्ड बनाने का झांसा देते थे। इसके एवज में वे ग्रामीणों के आधार कार्ड लेते और बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लेते थे। आरोपियों ने इस तरह लगभग 65 से 70 ग्रामीणों की बिना सहमति के उनके आधार डाटा का दुरुपयोग कर अवैध सिम कार्ड निकलवाए और विभिन्न बैंकों में फर्जी खाते खुलवा लिए।

नया सिम लेते समय खुला राज इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ तब हुआ जब गांव का एक ग्रामीण नया सिम कार्ड लेने गया। वहां उसे जानकारी मिली कि उसके आधार कार्ड पर पहले से ही एक एयरटेल का सिम जारी हो चुका है। धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर ग्रामीणों ने 26 अगस्त को संदिग्धों को पकड़कर मिश्रिख पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस व साइबर टीम की संयुक्त पूछताछ में पूरे संगठित गिरोह की करतूत सामने आ गई।

तीन दबोचे, उपकरण व दस्तावेज बरामद पुलिस ने करन कुमार पटेल नगर, माधोगंज, अभिषेक फजलपुर, माधोगंज और हरिश्चन्द्र जुटैला, बघौली को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इनके अन्य साथियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इनके पास से एक बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, चार मोबाइल फोन, पैन कार्ड बनाने की रसीद व पुराना रजिस्टर, तीन आधार कार्ड और स्टाम्प पेपर बरामद हुए हैं। पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं व 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ