#सीतापुर: पिरई नदी में नहाते समय डूबा युवक, तलाश में जुटे गोताखोर.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां दोस्तों के साथ पिरई नदी में नहाने गया 19 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक का कोई अता-पता नहीं चल सका है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पिपरी खुर्द निवासी रवि राठौर पुत्र विजय शंकर दोपहर करीब एक बजे अपने साथियों के साथ गाड़ी घाट देवरिया पुल के पास नदी में नहाने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे जलस्तर की ओर चला गया और तेज बहाव में संतुलन खो बैठा। साथी को डूबता देख दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई, जिस पर आसपास के ग्रामीण दौड़े।


 सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। करीब चार घंटे चले खोज अभियान के बावजूद रवि का सुराग नहीं लग सका। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ