सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत संबंधित क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने कुल 21 वांछित और वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान थाना पिसावां पुलिस ने खाद चोरी के मामले में दो अभियुक्तों मुकेश और अखिलेश को चोरी की दो बोरी यूरिया खाद सहित पकड़ा। इसके अलावा पॉक्सो एक्ट व दुष्कर्म के मामले में वांछित आकाश उर्फ पियूष को भी गिरफ्तार किया गया। उधर, रामकोट पुलिस ने जानलेवा हमले, सीएलए व आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मुकदमों में ग्राम किशनकोट से छह आरोपियों रफीक, मौसिमा, नसरीन, पप्पू, नसीम व तकदीरा को दबोच लिया। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हंसिया, एक फर्सा और चार बांके भी बरामद किए गए हैं।
वारंटियों की धरपकड़ में नैमिषारण्य पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली, जहाँ विभिन्न मुकदमों और वादों में लंबे समय से फरार चल रहे 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में छोटू उर्फ सरोज, गोविन्द, पंकज, अशोक, कमलेश, प्रदीप, जगतपाल, पुन्नीलाल, कुंदन और रामऔतार शामिल हैं।
इसके साथ ही थाना मानपुर पुलिस ने प्रमोद और रामपुरकलां पुलिस ने सुशील नामक वारंटी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी 21 गिरफ्तार अभियुक्तों का चालान कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।



0 टिप्पणियाँ