शाम तक बहाल होगा आवागमन, भविष्य की राहत के लिए बनेगा 315 मीटर अतिरिक्त खड़ंजा.
सीतापुर(उत्तर प्रदेश): भारी बारिश के चलते 27 अगस्त को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्मित पोस्टमार्टम हाउस संपर्क मार्ग की पुलिया बह गई और लगभग 30 मीटर सड़क कट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश के बाद जिला पंचायत प्रशासन ने युद्धस्तर पर अस्थाई पुलिया निर्माण एवं सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया। बृहस्पतिवार से जारी यह मरम्मत कार्य आज शाम तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पोस्टमार्टम हाउस तक शव वाहनों और अन्य गाड़ियों की आवाजाही दोबारा सुचारु हो सकेगी।
इसके साथ ही भविष्य में जलभराव या कटान जैसी विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम हाउस तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत आगामी तीन दिनों में लगभग 315 मीटर लंबाई में अतिरिक्त खड़ंजा निर्माण कार्य भी पूरा कराएगा।


0 टिप्पणियाँ