सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिलाधिकारी डॉ राजागणपति आर. ने पर्यटन विकास योजना के तहत मिश्रिख में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की, निर्माण में इस्तेमाल हो रही ईंटों की जांच की और अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूरे करने के
निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत अति प्राचीन महादेव मंदिर परिसर से हुई। डीएम ने यहां निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हाल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ प्रसाधन, पेयजल सुविधा, साइनेज समेत अन्य कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम पिपरी और लोकनापुर का निरीक्षण किया। यहां पर्यटन विकास योजना के तहत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं से जुड़े सिविल और इंटरनल सैनिटेशन कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही ईंटों की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी प्रकार की घटिया सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराए जाएं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश दिए।


0 टिप्पणियाँ