अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीदों को किया नमन, देश की एकता और प्रगति का लिया संकल्प
सीतापुर(उत्तर प्रदेश):स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य व गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान का गायन किया। पुलिस बल के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। 'वंदे मातरम्' और देशभक्ति के नारों से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व वीर शहीदों के बलिदान को याद किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्ठा व समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, देश के विकास और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ