महोली,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): महोली थाना क्षेत्र के अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास रविवार दोपहर करीब 2 बजे जमीन विवाद को लेकर एक महिला के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद दहशत का माहौल बन गया।
पीड़िता शोभना शुक्ला का आरोप है कि डीसीएम वाहन में सवार होकर आए लगभग 24-25 हथियारबंद लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके घर के बाहर 16 से 18 राउंड गोलियां चलाईं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। पीड़ित महिला के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2018 में अढ़ौरी बाईपास पर 19 बिसुआ जमीन का बैनामा कराया था, जिसके एक हिस्से पर वह मकान बनाकर रह रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से कई कारतूस के खोखे बरामद किए। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर जे.बी. पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ