#सीतापुर:महिला से चेन लूट का 36 घंटे में पर्दाफाश,दो बदमाश गिरफ्तार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):शहर कोतवाली क्षेत्र में महिला से हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। सोमवार तड़के करीब छह बजे कनवाखेड़ा से फायरिंग बट रोड के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दो शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। मुठभेड़ में महिला दारोगा स्वाति चतुर्वेदी, पूजा कटियार और एसओजी प्रभारी सत्येंद्र विक्रम की टीम शामिल रही। पकड़े गए घायल बदमाशों की पहचान कामिल और फरमान के रूप में हुई है जो कि लखीमपुर खीरी के निवासी है।

 सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर बाइक, 315 व 12 बोर के दो तमंचे, कारतूस और लूटी गई चेन बरामद की गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सफलता पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ