#सीतापुर:एमडीएम की गुणवत्ता पर सख्ती: अब बच्चों संग बैठकर खाना खाएंगे शिक्षक व अफसर, भेजनी होगी जियोटैग फोटो.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन  की गुणवत्ता सुधारने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़े कदम उठाए हैं। अब विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, शिक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक स्वयं बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण करेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं। नए आदेश के तहत सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व समन्वयकों को विद्यालय खुलने के समय से मध्यावकाश तक क्षेत्र में रहकर नियमित रूप से किसी न किसी स्कूल में बच्चों के साथ एमडीएम ग्रहण करना होगा।

इतना ही नहीं, भोजन करते समय विद्यालय के नाम के साथ जियोटैग फोटो खींचकर अधिकृत विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। बीएसए ने सख्त निर्देश दिए हैं कि आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की शिथिलता या प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ