#सीतापुर: खेत से लौट रहे युवक को बेलगाम बस ने रौंदा, चालक वाहन छोड़कर फरार.

 मछरेहटा,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मछरेहटा-मिश्रिख मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कूली बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बहादुरपुर के पास स्थित पुलिया के निकट यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान सरोज पुत्र मनोज के रूप में हुई है, जो सुबह खेत से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान मिश्रिख स्थित यशोदा कन्या महाविद्यालय की तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। बस में सवार बच्चों के शोर मचाने पर वाहन रुका, लेकिन मौका पाकर चालक भाग निकला।

हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बस को सीज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ