#सीतापुर:​घंटाघर स्थित ऐतिहासिक इमारत से हटा कांग्रेस का कब्जा, नगर पालिका ने लिया नियंत्रण.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): शहर के घंटाघर स्थित नगर पालिका की ऐतिहासिक इमारत में लंबे समय से संचालित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को शनिवार सुबह प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा लिया। करीब 55 वर्षों से किराया जमा न किए जाने के चलते नगर पालिका प्रशासन ने इस कब्जे को अवैध माना था।

नगर पालिका द्वारा 15 दिन पूर्व भवन खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। प्रशासनिक आदेश के खिलाफ कांग्रेस पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन न्यायालय से याचिका खारिज होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार और तहसीलदार अजीत जायसवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने पहले कार्यालय पर लगे कांग्रेस कमेटी के बोर्ड को हटवाया और फिर मुख्य द्वार पर सरकारी ताला जड़ दिया। एसडीएम सदर ने बताया कि विधिक प्रक्रिया और नोटिस की समयसीमा पूरी होने के बाद ही भवन को खाली कराकर नगर पालिका ने अपने कब्जे में लिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ