थानगांव,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): थानगांव थाना परिसर में शनिवार को आयोजित 'संपूर्ण थाना समाधान दिवस' में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि विवाद व राजस्व से जुड़े मामलों के स्थाई समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। उन्होंने कहा कि महिला अपराध, अवैध कब्जे और संवेदनशील भूमि विवादों के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार निरोधात्मक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाए।
इसके साथ ही समाधान दिवस रजिस्टर में सभी शिकायतों और उनके निस्तारण का स्पष्ट विवरण दर्ज कर अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिसवां राहुल सिंह सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ