#सीतापुर:डग्गामार वाहनों के खिलाफ लामबंद हुए वैध बस संचालक, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):। क्षेत्र में लखनऊ-सिधौली-बिसवां-रेउसा-लहरपुर-सीतापुर मार्ग पर बिना परमिट दौड़ रहे अवैध डग्गामार वाहनों के खिलाफ वैध बस संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है। परिवहन नियमों को ताक पर रखकर यूपीएसआरटीसी से अनुबंधित बसों के समानांतर चलाई जा रही अवैध टैक्सियों और निजी बसों से शासन को जहां भारी राजस्व का चूना लग रहा है, वहीं वैध परमिट धारकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासनिक अनदेखी से आक्रोशित 'बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन' के पदाधिकारियों ने एसडीएम बिसवां राहुल सिंह से मुलाकात कर शिकायती ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्व में क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ क्षेत्र को भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि रूट पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर डग्गामार वाहनों को सीज करने व चालान की कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे सरकारी राजस्व की चोरी रुके और वैध संचालकों को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ