रसूलपुर मोड़ के पास से पकड़े गए आरोपी, अंकित पर 15 और मानस पर 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज.
सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कोतवाली नगर पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अभियुक्तों के पास से चोरी के 5200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि 6 और 7 जून की रात रसूलपुर स्थित बंद मकान में चोरी करने वाले आरोपी रसूलपुर मोड़ के पास खाली प्लॉट में एकत्र हैं और किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पूर्णागिरी नगर निवासी अंकित रैदास उर्फ छोटू, ग्राम चैना निवासी रामशंकर जो वर्तमान में दिल्ली के रोहिणी में रह रहा था, और घूरामऊ बंगला निवासी मानस शुक्ला शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अंकित पर 15 तथा मानस शुक्ला पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत 17 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में चालान कर सभी को जेल भेज दिया है।

0 टिप्पणियाँ